रेवाड़ी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 9वीं और 11वीं कक्षा में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है। अब सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थी 31 जुलाई तक दाखिला ले सकेंगे।
जिले में 393 सरकारी प्राथमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें बाल वाटिका से लेकर 12वीं तक करीब 42 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वर्तमान में ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण स्कूल बंद हैं। एक जुलाई से स्कूल खुलने के बाद प्रवेश प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
शिक्षा विभाग के अनुसार 9वीं और 11वीं कक्षाओं में पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान विशेष परिस्थितियों में प्रवेश की व्यवस्था रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए निदेशालय ने अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे बीमारी, स्थानांतरण या अन्य कारणों से समय पर दाखिला नहीं ले पाने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।