संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पॉलीटेक्निक संस्थानों में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भी 30 फीसदी सीट रिक्त बची है। अब रिक्त सीट पर ओपन फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिले होंगे। दो चरणों में ओपन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
पॉलीटेक्निक संस्थान की ओर से जारी गाइडलाइन में बताया गया है कि 6 अगस्त को पहले चरण की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अगर सीटें बची तो दूसरा चरण आठ अगस्त से शुरू होगा। 1 अगस्त तक अभ्यर्थी को दाखिला लेने के लिए ऑफलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा। इसके बाद दो अगस्त को सूची जारी की जाएगी। इसी के आधार पर 5 व 6 अगस्त को ओपन फिजिकल काउंसिलिंग होगी। ओपन काउंसिलिंग के बाद भी यदि सीटें खाली बचती हैं तो आठ अगस्त से 15 सितंबर तक विशेष रूप से ऑफलाइन फिजिकल काउंसिलिंग की जाएगी। इस दौरान दाखिले के लिए प्रत्येक कार्य दिवस पर दोपहर 12 बजे रोजाना आवेदन फार्म लिए जाएंगे। अभ्यर्थी को काउंसिलिंग के समय सभी दस्तावेज के साथ जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र व परिवार पहचान पत्र भी लाना होगा। दोनों चरणों में विद्यार्थी को काउंसलिंग के दौरान उपस्थित रहना होगा। सीट आवंटित होने पर तुरंत फीस भी जमा करानी होगी।
-
दो काउंसिंलिंग होने के बाद भी नहीं भरी सीटें
पॉलीटेक्निक (बहुतकनीकी संस्थानों) में दो काउंसिंलिंग होने के बाद भी 30 प्रतिशत सीटें रिक्त रह गई हैं। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना व धामलावास में विभिन्न ब्रांचों की 720 सीटें हैं, जिनमें से 200 से अधिक सीटें रिक्त हैं। जो सीट रिक्त हैं, उनमें अधिकांश सीटें वह है जो छात्राओं के लिए आरक्षित रहती है। छात्राओं के लिए आरक्षित सीटों पर काफी कम दाखिले हुए हैं। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना व धामलावास में विभिन्न ब्रांचों की 720 सीटें हैं, जिनमें से 25 प्रतिशत के अनुसार से छात्राओं के लिए 180 सीटें आरक्षित थी। अब इनमें से रिक्त सीटों को ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से भरा जाएगा, जिन पर छात्राओं के साथ ही छात्र भी दाखिला ले सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को संस्थान में जाकर एक अगस्त तक आवेदन करना होगा।
ये रहेगी ओपन फिजिकल काउंसिंलिंग की प्रक्रिया
एक अगस्त तक संस्थान में आवेदन पत्र जमा कराना होगा। दो अगस्त को संस्थान स्तर पर मेरिट सूची जारी की जाएगी। पांच अगस्त को सभी श्रेणी में संस्थागत ओपन फिजिकल काउंसलिंग होगी। छह अगस्त को संस्थान स्तर पर आरक्षित पर फिजिकल काउंसलिंग होगी।
-
वर्जन
पॉलीटेक्निक में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब ओपन फिजिकल काउंसिलिंग के दाखिले किए जाएंगे। रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। विद्यार्थी आवेदन करके ओपन फिजिकल काउंसलिंग में पहुंच कर आवेदन कर सकते हैं।-
डॉ. सुखबीर यादव, प्रिंसिपल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, लिसाना।