संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 30 मई तक आवेदन कर सकते हैं। अभी तक कॉलेजों में करीब 30 प्रतिशत आवेदन आ चुके हैं।
हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह में घोषित हुआ था। ऐसे में विद्यार्थियों को स्नातक में आवेदन करने के लिए कम समय मिला है। इसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है। यदि तिथि नहीं बढ़ाई गई तो कई विद्यार्थियों को आवेदन करने में परेशानी हो सकती है और काफी सीटें खाली रहने की आशंका है।
जिले के 11 सरकारी महाविद्यालयों के अलावा एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में भी दाखिले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकारी कॉलेजों में बीए प्रथम वर्ष के लिए 3360 सीटें, बीएससी (फिजिकल साइंस) के लिए 940 सीटें तथा बीकॉम प्रथम वर्ष के लिए 1080 सीटें उपलब्ध हैं। दाखिला प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सभी कॉलेजों में सहायता केंद्र बनाए गए हैं।
विद्यार्थी आवेदन से पहले हेल्प डेस्क से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय अधिकारियों के अनुसार आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं और 12वीं की अंक तालिका, हरियाणा बोर्ड से बाहर के विद्यार्थियों के लिए माइग्रेशन सर्टिफिकेट, भारत स्काउट्स एंड गाइड और खेल प्रमाणपत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आरक्षित वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा गैप वर्ष होने पर संबंधित प्रमाण पत्र या हलफनामा शामिल है।
-
एनसीसी, एनएसएस प्रमाणपत्र संलग्न करने पर 10 अतिरिक्त अंक
आवेदक एनसीसी, एनएसएस प्रमाणपत्र संलग्न करते हैं तो उसे 10 अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे। इसके अलावा यदि छात्र पर स्कूल स्तर का ही एनसीईआरटी से राष्ट्रीय प्रतिभा पुरस्कार, भारतीय स्काउट एवं गाइड प्रमाणपत्र, खेल प्रमाणपत्र, 12वीं कक्षा में मेरिट प्रमाणपत्र है, तो भी दाखिले के लिए 10 अंकों का लाभ मिल सकेगा।
कॉलेजों में कम रहे आवेदन, कई सीटें अब भी खाली
राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में बीए की 320 सीटों के मुकाबले अब तक केवल 45 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीएससी फिजिकल साइंस (नॉन-मेडिकल) की 80 सीटों पर 10 आवेदन आए हैं जबकि बीएससी मेजर इन केमिस्ट्री की 40 सीटों पर 18 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं बीकॉम की 160 सीटों के लिए केवल 15 आवेदन मिले हैं। इसी प्रकार कृष्ण राजकीय महाविद्यालय कवाली में भी आवेदन संख्या सीमित रही। यहां बीए की 420 सीटों के मुकाबले केवल 15 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीकॉम की 80 सीटों पर 14 आवेदन और बीएससी की 160 सीटों पर 13 आवेदन आए हैं। वहीं बीसीए की 60 सीटों के लिए अब तक केवल 7 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
_____
वर्जन
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में अभी तक 45 आवेदन आए हैं। दाखिला लेते समय सभी विद्यार्थियों को अपने अपडेट दस्तावेज अपलोड करवाने अनिवार्य हैं।- दयावती, उपप्राचार्या, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा।