रेवाड़ी। साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला डिंग के गांव उचकी निवासी राहुल के रूप में हुई है। इस मामले में एक आरोपी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 13 मई 2023 को यादव नगर रेवाड़ी निवासी बलबीर सिंह ने शिकायत में बताया था कि उनके पास 7 मई 2023 को एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली के द्वारका के सेक्टर-16 से क्राइम ब्रांच का आईपीएस अधिकारी राठौर बताते हुए कहा कि उसका एक अश्लील वीडियो वायरल हो रहा है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अगर उसने मीडिया से संपर्क करके वीडियो डिलीट नहीं कराया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर उसने कहा कि वह किसी मीडिया वाले को नहीं जानता है, तो आरोपी ने उसे एक नंबर उपलब्ध कराया। उस नंबर पर संपर्क करने पर अपने आप को मीडियाकर्मी बताते हुए उस व्यक्ति ने वीडियो डिलीट करने के लिए शुरुआत में 12,100 रुपये एक नंबर पर ट्रांसफर करने को कहा।
इस पर उसने बताए नंबर पर यह राशि ट्रांसफर कर दी। जो इसके बाद आरोपियों ने उसे लगातार अपने जाल में फंसाए रखा और उससे कुल 19 लाख 76 हजार 600 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। मामले मे पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त एक आरोपी साबीर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को एक और आरोपी राजस्थान के जिला डिंग के गांव उचकी निवासी राहुल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।