संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने गांव ओढ़ी निवासी निवासी एक व्यक्ति को मुनाफे का लालच देकर उससे ठगी करने के मामले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव मोहदीनपुर निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे 1 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि बावल के गांव ओढ़ी निवासी दीपेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया था कि वह नंदकिशोर फिलिंग स्टेशन बावल पर कैशियर हैं। पंप का खाता भी वह ऑपरेट करते हैं। उनके पास गत वर्ष 30 सितंबर को टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया था। इसके बाद उनकी तरफ से लिंक भेजा गया जिसके ओपन करने के बाद उसका रजिस्ट्रेशन कर लिया गया था। इसके बाद उन्होंने फ्री टॉस्क खिलाया और अगले दिन खाते में पैसे डाल दिए। शुरूआत में आरोपियों ने टॉस्क के नाम पर उससे 10 हजार रुपये डलवाने के बाद 10 हजार 83 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने इसी प्रकार टॉस्क के नाम पर उससे पैसे डलवाना शुरू कर दिया और उससे कुल 1 करोड़ 26 लाख 74 हजार रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता लगा कि साइबर ठगी में गांव मोदीनपुर के रहने वाले आनंद कुमार का बैंक खाता भी प्रयोग किया गया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी गांव मोहदीनपुर निवासी आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।