रेवाड़ी पुलिस ने गारमेंट्स व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव चिरहाड़ा निवासी सचिन उर्फ नैन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर चार आरोपी सुनील उर्फ सुम्मी, शिव कुमार उर्फ एसपी, भानु प्रताप उर्फ खोटु व देवेन्द्र उर्फ देबु को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। दरअसल, गांव रानौली निवासी शीशराम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसके बेटे दिनेश कुमार ने जलियावास में गारमेंटस व किरयाना की दुकान कर रखी थी। 5 जुलाई 2024 को उसके बेटे दिनेश कुमार का जन्मदिन था, जिसकी वजह से वह अपने बेटे को बुलाने के लिए दुकान पर गया था।
उनकी दुकान से कुछ दूर पर एक मोमोज की रेहड़ी लगी हुई थी, जिस पर एसपी उर्फ शिव गांव जलालपुर, सुम्मी गुर्जर पातुहेड़ा व अमित पहलवान गांव आसलवास ये तीनों मोमोज खा रहे थे। यह तीनों उसके पास आए और झगड़ा करने लग गए। समझाने के बाद वह सभी वहां से चले गए। उसके बाद वह अपने बेटे के साथ दुकान के पास चौराहे पर आकर बैठ गया। थोड़ी देर बाद शिव कुमार उर्फ एसपी, सुम्मी व अमित एक कार में आए साथ मे अन्य लोग बाइक पर आए। रंजिश को रखते हुए उसके बेटे दिनेश के साथ झगड़ा करने लगे। इसके बाद शिव कुमार उर्फ एसपी ने उसके बेटे दिनेश को गोली मार दी और अभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आस पडोस के लोगों की मदद से वह दिनेश को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।