रेवाड़ी। थाना कसौला पुलिस ने टैंकर से डीजल चोरी कर उसे बेचने के मामले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव गुजरीवास निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 ड्रम में करीब 1000 लीटर डीजल और पिकअप बरामद किया है।
गत 30 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुजरीवास निवासी विनोद कुमार टैंकरों से चोरी किए गए डीजल को खरीदकर, उसे राजस्थान में महंगे दामों पर बेचता है। वह टैंकरों से निकाले हुए 5 ड्रम डीजल तेल को एक पिकअप गाड़ी में रखकर बेचने के लिए राजस्थान जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक सतेंद्र कुमार को साथ लेकर गांव जलियावास के निकट नाकाबंदी शुरू करके एक पिकअप गाड़ी को चेक किया तो गाड़ी चालक ने अपना नाम विनोद कुमार बताया। पुलिस ने मौके से पिकअप गाड़ी से 5 ड्रम में करीब 1000 लीटर डीजल को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कसौला में मामला दर्ज करके आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।