रेवाड़ी। थाना रामपुरा पुलिस ने मोहल्ला कुतुबपुर निवासी एक युवक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहल्ला जसवंत नगर रेवाड़ी निवासी हितेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, मोहल्ला कुतुबपुर निवासी गौरव ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 21 जनवरी की शाम के समय वह अपने चाचा विजय के घर के नजदीक अपने दोस्त अमन, रवि व परवेश के साथ खड़ा हुआ था। उसी समय बाइक पर कुछ लड़के आए और आते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इससे बचने के लिए वह अपने साथियों के साथ जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा। इसी दौरान वह जान बचाने के लिए एक घर में घुस गया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुरा में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके दो आरोपी तिजिल व रोहित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले में पुलिस ने हितेश को भी गिरफ्तार कर लिया है।