रेवाड़ी। थाना सदर पुलिस ने अवैध रूप से एमटीपी किट (गर्भपात की दवा) उपलब्ध कराने के आरोप में जाट सायरावास निवासी नरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा का है।
गांव राजपुरा खालसा निवासी बीर सिंह की ओर से अवैध रूप एमटीपी किट बेचने बारे सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली थी। इस पर 25 मई को स्वास्थ्य विभाग ने एक टीम का गठन करके गांव किशनगढ़ के यादव मेडिकल स्टोर पर छापा डाला था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने योजना के तहत एक नकली ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर संचालक के पास भेजा था। मेडिकल संचालक बीर सिंह ने 1 हजार रुपये लेकर नकली ग्राहक को एमटीपी की किट दे दी थी। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया था तथा उपरोक्त मेडिकल स्टोर को स्वास्थ्य विभाग टीम ने सील कर दिया था।
पुलिस ने थाना सदर में एमटीपी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपी बीरसिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की ओर से पूछताछ में आरोपी बीर सिंह ने बताया था कि उसे यह एमटीपी किट नरेंद्र उपलब्ध करवाता है।