फोटो: 05रेवाड़ी। लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में आरोपी। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर एक नाबालिग को झांसे में लेकर लगभग 8.32 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव गुरावड़ा निवासी आकाश के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में जांचकर्ता ने बताया कि 30 अक्तूबर को गांव गुरावड़ा निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसका मोबाइल फोन उसके नाबालिग बेटे के पास रहता है।
अगस्त में उसके 17 साल के नाबालिग बेटे से इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर किसी ने दोस्ती कर ली। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होने लगी। महिला ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर बात करने वाले ने उसके बेटे को झांसे में लेकर उसके मोबाइल फोन से अलग-अलग बैंक खातों से 8 लाख 31 हजार 510 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
इस पर पुलिस ने महिला की शिकायत पर साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को मामले में संलिप्त एक आरोपी गांव गुरावड़ा निवासी आकाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी आकाश ने बताया कि वह नाबालिग के साथ इंस्टाग्राम पर लड़की बनकर बात करता था। उसे चंगुल में फंसाकर वह उससे पैसे ट्रांसफर कराता रहा। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।