भिवाड़ी। पुलिस ने एक पुरानी आपराधिक घटना में फरार आरोपी को पकड़ा है। 2011 में आरएसआई स्विच गियर प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी से पिकअप गाड़ी में लोड कॉपर और अन्य सामान की डकैती के शातिर आरोपी छिंदा सिंह उर्फ छिंदर सिंह उर्फ सुखबिंदर सिंह को पंजाब के फाजिल्का से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह 14 वर्षों से फरार चल रहा था।
यूआईटी थानाधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि 25 जुलाई 2011 की रात करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने भिवाड़ी के कहरानी इलाके में स्थित आरएसआई स्विच गियर प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी की दीवार फांदकर अंदर घुसपैठ की। उन्होंने फैक्टरी में खड़ी पिक-अप गाड़ी में लोड कॉपर व अन्य कीमती सामान लूट लिया। सुबह फैक्टरी कर्मचारियों ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद पीड़ित मनोज कुमार यादव ने यूआईटी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज किया लेकिन जांच के दौरान यह डकैती का मामला पाया गया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी छिंदासिंह (45) मक्कड़ हियाड़, थाना गुरूहर साहिब, जिला फिरोजपुर (पंजाब) का मूल निवासी है। यूआईटी थाने की टीम ने वर्षों से उसकी तलाश जारी रखी और कई बार पंजाब में उसके ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिलता रहा था।