संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर अपराध पर अंकुश के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय में सभी बैंकों के प्रबंधकों के साथ बैठक की। इस दौरान बैंक प्रबंधकों से कहा गया कि वे सभी खाताधारकों को साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक करें।
डीएसपी डॉ. रविन्द्र सिंह ने बैंक प्रबंधकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध होने पर पुलिस गोल्डन आवर्स की सीमा में काम करते हुए रिस्पांस टाइम को कम करने की दिशा में प्रयास कर रही। इस कार्य में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका पुलिस विभाग की है उतनी ही बैंक कर्मियों की भी है। इसके लिए बैंकों तथा पुलिस विभाग में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए काम किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बैंकों प्रबंधकों से कहा कि बैंक आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार ईकेवाईसी को ठीक तरीके से करें ताकि फर्जी बैंक खाते ना खोले जा सकें। कि आरबीआई के दिशा-निर्देशों की पालन अनिवार्य है। बैंक प्रबंधक साइबर ठगी से बचने के लिए ग्राहकों को जागरूक करें और साइबर हेल्पलाइन-1930 की जानकारी अवश्य दें। साइबर हेल्पलाइन के लिए बैंक परिसर में साइन बोर्ड भी लगवाएं।बैठक में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद भी मौजूद रहे।