रेवाड़ी। जिले में वीरवार को अलग-अलग हादसों में अतिथि अध्यापक सहित तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव डालियाकी निवासी करीब 44 वर्षीय श्रीकृष्ण गांव प्राणपुरा स्कूल में अतिथि शिक्षक थे। वीरवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद वह बाइक पर घर लौट रहे थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित साबन चौक के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बावल के अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बावल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया हैैै। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच अधिकारी एएसआइ किशोर कुमार ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
एक अन्य हादसे में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव ड्योढ़ई के समीप से गुजर रही जवाहर लाल नेहरू नहर में बुधवार की रात एक युवक बाइक सहित गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वीरवार को सूचना मिली थी कि जवाहर लाल नेहरू नहर में एक बाइक व एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव व मोटरसाइकिल को नहर से बाहर निकाला।
युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त राजस्थान के जिला सीकर के गांव सोहनपुरा निवासी 23 वर्षीय नरेंद्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी है। पुलिस के अनुसार नरेंद्र सिंह बावल स्थित एक कंपनी में कार्यरत था और यहीं पर रहता था। शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। माडल टाउन थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
वहीं रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रेल मार्ग से जीआरपी ने एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शिनाख्त के लिए शवगृह में रखवा दिया है। जीआरपी में तैनात एसआई बृजेश कुमार के अनुसार सुबह सूचना मिली थी कि करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति का शव महेंद्रगढ़ रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है। सूचना के बाद शव को कब्जे में लिया गया। बृजेश कुमार के अनुसार अधेड़ की मौत रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन से टकरा कर हुई है। उसकी शनाख्त नहीं हो पाई है। शनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
--
ट्रेन से टकराकर युवक घायल
शहर के नाईवाली चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन पर ट्रेन से टकराकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जीआरपी के अनुसार अलवर का रहने वाला 24 वर्षीय गौरी शंकर गुरुग्राम जाने के लिए पैदल रेलवे स्टेशन जा रहा था। वह नाईवाली चौक पर स्थित फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन पर पैदल चलते हुए स्टेशन जा रहा था। तभी एक ट्रेन आ गई। जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--
फोटो-29