रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से दिल्ली पुलिस के एक जवान की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। देर शाम तक मृतक के परिजन रेवाड़ी नहीं पहुंचे थे। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर तीन की लाइन पर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे। युवक से दिल्ली पुलिस की वर्दी मिली है, जिस पर विक्रम कांस्टेबल की नेम प्लेट लगी हुई थी। युवक से एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस जानकारी जुटाई तो युवक की पहचान झुंझनू निवासी विक्रम के रूप में हुई। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई। विक्रम वर्तमान में दिल्ली अशोक विहार स्थित पुलिस लाइन में तैनात था। जांच अधिकारी एएसआई बाबूलाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने पर शव की शनाख्त कराई जाएगी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शव को नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया है तथा मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।