शहर के सर्कुलर और पटौदी रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस के अनुसार आनंद नगर निवासी 45 वर्षीय औमप्रकाश बीते दिन सुबह 8 बजे ट्रॉमा सेंटर के सामने रोड पार कर रहा था। इसी दौरान फरीदाबाद नंबर की एक गाड़ी चालक उसको टक्कर मारकर फरार हो गया। ओमप्रकाश को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ओमप्रकाश अपने घर जा रहा था।
बेटियों से मिलने के बाद वापस जा रहा था घर कृष्ण
गुरुग्राम के गांव कुकड़ोली निवासी 46 वर्षीय कृष्ण कुमार गांव बीकानेर में अपनी दो बेटियों से मिलने के लिए आया था। शाम को करीब आठ बजे वह वापस बाइक पर सवार होकर रेवाड़ी-पटौदी रोड से गांव कुकड़ोली जा रहा था। आईओ एएसआई शीशराम ने बताया कि रात के करीब 8 बजे बाइक सवार दो लोगों ने चिल्हड़ पुलिस नाके जाकर कुछ दूरी पर एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन यहां पर चकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।