धारूहेड़ा बस स्टैंड के समीप एक रेडीमेट कपड़ों की दुकान में 15 दिन के अंदर दूसरी चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस अभी तक पहले मामले को भी नहीं सुलझा पाई। अब दूसरे मामले को दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कह रही है।
धारूहेड़ा के सैयद कॉलोनी निवासी जतिन सैनी पुत्र सतबीर सैनी निवासी सैयद कालोनी बास रोड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि धारूहेड़ा बस स्टैंड के नजदीक महालक्ष्मी गारमेंट के नाम से कपड़े की दुकान है। बीती रात को दुकान बंद करके गया था, सुबह दुकान पर पहुंचा तो पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। चोरों ने दुकान से कपड़े, बैग, जूते सहित गल्ले में रखी 2500 रुपये की नकदी भी चोरी कर ली। पीड़ित के अनुसार 15 दिन पहले भी दुकान में चोरी हुई थी। पुलिस ने पीड़ित जतिन की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।