संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर लूटने के 14 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को सीआईए की टीम ने बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कसौैला में वर्ष 2009 में ट्रैक्टर लूटने का मुकदमा दर्ज है। कोर्ट में पेश नहीं होने पर अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला पलवल के गांव मिठाका निवासी रफीक के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया कि थाना कसौला में वर्ष 2009 दर्ज एक व्यक्ति को बंधक बना कर ट्रैक्टर लूटने के मामले में आरोपी रफीक फरार चल रहा था। अदालत ने वर्ष-2010 में आरोपी रफीक को पीओ घोषित किया था। इस मामले में भी पुलिस को आरोपी की तलाश थी। सीआईए रेवाड़ी पुलिस ने बुधवार को आरोपी रफीक को जिला पलवल के हथीन से काबू करके थाना कसौला पुलिस के हवाले कर दिया। थाना कसौला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।