धारूहेड़ा। क्षेत्र में एक युवक ने महिला का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से तीन बार में 30 हजार रुपये निकाल लिए। महिला को इस ठगी का पता मोबाइल पर आए मैसेज से चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से झारखंड के जिला गुमला के गांव बरैक निवासी हेमंती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनपढ़ है और धारूहेड़ा के जौनियावास में परिवार के साथ किराए पर रहती है। वह पैसे निकालने के लिए हीरो कंपनी के पास स्थित एटीएम पर गई थी।
महिला ने बताया कि वहां पहले से मौजूद एक युवक से उसने पैसे निकालने में मदद ली। इसी दौरान युवक ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के खाते से तीन बार में 10-10 हजार रुपये निकाल लिए।
मोबाइल पर पैसे निकलने के मैसेज आने के बाद महिला को ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।