गला घोंटकर दो युवकों ने की एक युवक की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने गांव नांगल जमालपुर निवासी 19 वर्षीय सौरव हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव सीहा निवासी कर्मवीर व गांव तुर्कियावास निवासी हेमंत के रूप में हुई है। डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण ने बताया कि पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि घटना के दिन मृतक सौरव अपने दोस्त के घर गांव हांसाका में ठहरा हुआ था। सौरव की आरोपी कर्मबीर से पहले ही जान पहचान थी।
आरोपी कर्मबीर किसी बात को लेकर सौरव से रंजिश रखता था, जिसको लेकर कर्मबीर ने अपने साथी हेमंत के साथ मिलकर सौरव से फोन पर संपर्क करके उसको गांव के बाहर बुलाया और फिर शराब पार्टी के बहाने उसे खेतों में लेकर चले गए। शराब पिलाने के बाद आरोपियों ने सौरव की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए शव को बाइक पर रखकर फिदेड़ी के जोहड़ में डाल दिया था। पुलिस की जांच में हत्या का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।