रेवाड़ी। आगामी त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे की ओर से उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे रेवाड़ी सहित मार्ग में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय साप्ताहिक स्पेशल 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को उदयपुर सिटी से रात सवा 9 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह सवा 11 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल 26 नवंबर तक प्रत्येक वीरवार को दिल्ली सराय से दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 4 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, उदयपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन अगले दिन सुबह 9 बजकर 5 मिनट से 9 बजकर 10 मिनट तक रेवाड़ी स्टेशन पर ठहरेगी। वापसी में दिल्ली सराय से उदयपुर जाने वाली ट्रेन दोपहर 3 से 3 बजकर 5 मिनट तक रेवाड़ी स्टेशन पर रुकेगी।
इसके अलावा ट्रेन का ठहराव गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, नारनौल, अटेली, नीम का थाना, रींगस, फुलेरा, अजमेर, किशनगढ़, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया और मावली सहित विभिन्न स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकॉनमी, छह द्वितीय शयनयान, चार सामान्य श्रेणी, एक गार्ड डिब्बा और एक पावर कार डिब्बा शामिल होंगे।