गांव अलावलपुर से होकर ततारपुर खालसा व भटसाना को जाने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मामला अब उच्च स्तर तक पहुंच गया है। गांव खरखड़ा निवासी प्रकाश यादव ने मुख्यमंत्री, पीडब्ल्यूडी मंत्री और विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है लेकिन इसकी खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
प्रकाश यादव ने पत्र में उल्लेख किया है कि स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस सड़क से गुजरने में दिक्कत होती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक बना हुआ है और आए दिन गिरकर चोटिल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा जल्द मौके का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।