धारूहेड़ा। मसानी बैराज एवं साहबी नदी में गंदे पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर 3 अगस्त को ट्रैक्टर और कार यात्रा निकाली जाएगी। इसका नेतृत्व सेवानिवृत्त रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर कमल सिंह यादव करेंगे।
यात्रा सुबह 9 बजे गांव तितरपुर से शुरू होकर जिला सचिवालय पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यात्रा को लेकर रविवार को बैठक हुई बैठक में तैयारियों कीसमीक्षा की गई। कमल सिंह यादव ने कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह है।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन देकर जड़थल से मसानी तक करीब 6 किमी पाइपलाइन बिछाकर क्षेत्र में आने वाले गंदे पानी को पूरी तरह रोकने की मांग की जाएगी। रेवाड़ी से जड्थल तक पाइपलाइन डाली जा चुकी है। मसानी से मोजाबाद तक भी गंदे पानी के निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जहां गंदा पानी भर रहा है, वहां समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री कैनाल के माध्यम से जवाहरलाल नेहरू कैनाल का स्वच्छ पानी जड्थल होते हुए मसानी बैराज में डाला जाना जाए।
यात्रा तितरपुर से शुरू होकर मसानी, रसगण, डूंगरवास, निखरी, निगानियावास, रालियावास, पचगांव, जड़थल, आसियाकी पांचौर, संगवाड़ी, भुडला माजरा, गुरदास, विजयनगर और पोसवाल चौक होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी।
बैठक में संजय, कृष्ण मिस्त्री, भजनलाल, नवल सिंह, रामफल यादव, रविंद्र बाबू, हनी शर्मा, देवेंद्र यादव निगानियावास, महिपाल फदनी मौजूद रहे।