रेवाड़ी। जिले में 20 जून तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, कचरा प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल मोदी ने बताया कि 12 जून को गांव स्तर पर जागरूकता सत्र आयोजित कर लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी जाएगी। इसमें गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे के पृथक्करण के बारे में बताया जाएगा।
13 जून को सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर कचरा एवं गाद हटाई जाएगी, जबकि 14 जून को सामुदायिक शौचालयों और एसडब्ल्यूएम शेड की सफाई व मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
15 जून को कचरा संवेदनशील क्षेत्रों की सफाई कर नो-डंपिंग बोर्ड लगाए जाएंगे। 16 जून को ग्राम सचिवालय और पंचायत घरों की सफाई, 17 जून को धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सफाई कराई जाएगी।
18 जून को अंबेडकर भवन और शहीद स्मारकों की सफाई की जाएगी। 19 जून को फिरनी और सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा 20 जून को गौरव पथ, जलाशयों और अमृत सरोवरों की सफाई के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राहुल मोदी ने बताया कि 15 और 16 जून को घर-घर जाकर लोगों को रंगीन डिब्बों में कचरा अलग-अलग डालने, ई-कचरा तथा खतरनाक घरेलू अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
17 जून को विधायक एवं सांसद आदर्श ग्राम योजना के गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा स्वच्छता चैंपियनों को सम्मानित किया जाएगा। 18 जून को सिंगल-यूज प्लास्टिक, बोतलें और थर्मोकोल एकत्रित कर प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।