रेवाड़ी। अतिथि वक्ताओं का स्वागत कर उन्हें पौधा भेंट करते विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह। स्रोत
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग की ओर से समाज विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर विकास बत्रा की अध्यक्षता में ग्रामीण सहभागिता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर अर्चना कौशिक तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की प्रोफेसर वनिता धींगड़ा ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज कार्य विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह द्वारा अतिथि वक्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा भेंट कर की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्येंद्र ने किया। यह कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई। पहला सत्र सैद्धांतिक था जिसमें प्रोफेसर अर्चना कौशिक ने ग्रामीण क्षेत्रों में शोध कार्य करते समय आवश्यक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने ज्ञान निर्माण, संबंध निर्माण, सहभागी अनुसंधान और ट्रांजिट वॉक जैसी प्रक्रियाओं के महत्व के बारे में बताया। अपने व्याख्यान में उन्होंने विभिन्न वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के सिद्धांतों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। इसी संदर्भ में उन्होंने ऑगस्ट कॉम्टे के प्रत्यक्षवाद सिद्धांत की चर्चा करते हुए कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान अनुभव और अवलोकन पर आधारित होना चाहिए।
कार्यशाला में समाज कार्य विभाग से सहायक शिक्षक सतीश कुमार और शिक्षिका मनीषा, इतिहास विभाग से सहायक प्रोफेसर डॉ. कमलेश नरवाना तथा अर्थशास्त्र विभाग से सहायक प्रोफेसर डॉ. रितु राठी सहित कई विद्यार्थी और शोधार्थी उपस्थित रहे।