रेवाड़ी। अहिरवाल हेरिटेज संस्था की ओर से ऐतिहासिक छतरी समूह राव पूरन सिंह बाग में शनिवार को आयोजित विरासत-ए-रेवाड़ी कार्यक्रम में शहरवासियों ने ऐतिहासिल धरोहरों को बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलकित, प्रशांत मेहंदीरत्ता और हिमांशु ने संगीतमय प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।
संस्था की प्रधान प्रियंका यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के पूर्व कुलपति प्रो. जेपी यादव रहे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी विरासत के संरक्षण के लिए आगे आएं और समाज में जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम में पुरातत्व विभाग से कंसल्टेंट विनीत बनवाला व अनिरुद्ध यादव विशिष्ट अतिथि रहे। जिला नगरायुक्त ब्रह्मप्रकाश ने अध्यक्षता की। इस दौरान सभी ने ऐतिहासिक धरोहरों की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
नगरायुक्त ब्रह्मप्रकाश ने कहा कि रेवाड़ी वीरो की ऐतिहासिक भूमि है और अपनी विरासत को संजोने के लिए युवा पीढ़ी आगे आ रही है यह भी गर्व की बात है।
इस प्रकार के आयोजन होते रहे तो नव पीढ़ी भी अपने इतिहास की जानकारी हासिल कर गौरवान्वित होगी। हम सभी नागरिकों का कर्तव्य है कि हम अपने समाज में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें।
-
प्रतिभागियों और अतिथियों को किया सम्मानित
प्रदर्शनी के माध्यम से मुकेश सुल्तानिया ने रेवाड़ी की ऐतिहासिक धरोहरों के समृद्ध इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया। चित्रकार अमन की पेंटिंग प्रदर्शनी सराहनीय रही। अहीरवाल हेरिटेज संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों का संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार करना है। ट्रैफिक इंचार्ज बलवंत सिंह और उनकी टीम ने आम जन मानस को ट्रैफिक नियमों के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर रेजांगला शौर्य समिति से नरेश चौहान, कलाकार पुलकित व टीम, संजू देवी (सरपंच), डॉ. नीरज (आईएमए), नरेश चौहान, राजीव गुप्ता (महाबर सभा), सूबेदार मेजर मनजीत सिंह एवं टीम, दीपक, वीरेंद्र सिंह, प्रदीप यादव को सम्मानित किया गया।