भिवाड़ी। फूलबाग थाना क्षेत्र की 4 साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप 16 वर्षीय किशोर पर लगा है। आरोपी किशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। फिलहाल किशोर को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है। पीड़िता झारखंड से आए प्रवासी मजदूर परिवार से है।
घटना उस समय हुई जब बच्ची के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करने बाहर गए थे। घर पर अकेली बच्ची को पड़ोस में रहने वाला किशोर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। शाम को जब परिजन घर लौटे तो बच्ची ने तेज दर्द की शिकायत की।
पूछताछ करने पर बच्ची ने जो बताया, उससे परिवार के होश उड़ गए, तुरंत फूलबाग पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को अभिरक्षा में ले लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट व यौन उत्पीड़न की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
महिला थाने की सब इंस्पेक्टर गिरिजा ने बताया कि आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे, जिससे वह बच्ची को पहले से जानता था। पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।