रेजांगला स्मारक पर एकत्रित हुए गणमान्य। स्रोत : महासभा
रेवाड़ी। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा की तरफ से संचालित 13 अप्रैल को बिहार के छपरा से शुरू हुई रेजांगला शहादत माटी कलश यात्रा 18 प्रदेशों से होते हुए प्रदेश संयोजक रमेश राव पायलट के नेतृत्व में जिले में पहुंची। स्थानीय धारूहेड़ा चुंगी स्थित रेजांगला युद्ध स्मारक पर शहादत माटी कलश को लोगों ने नमन किया।
इस अवसर पर जिले की युद्ध विरांगनाओं व युद्ध वेटरन परिवारों को महासभा की तरफ से सम्मानित किया गया। यात्रा संयोजक पायलट ने रेजांगला सहित अहीरवाल की स्वर्णिम सैन्य परंपरा का विस्तार पूर्वक वर्णन किया। यात्रा का उद्देश्य और भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक अभियान को निरन्तर जारी रखने का एलान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राव नरेश चौहान राष्ट्रपूत ने किया। पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने आभार व्यक्त किया। समिति की तरफ से भी यात्री दल को रेजांगला स्मृति चिन्ह और रेजांगला शौर्य गाथा का साहित्य भी भेंट किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की महिला कार्यकारी अध्यक्ष साध्वी पुष्पा शास्त्री, प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश यादव, सूबेदार मनजीत सिंह, कैप्टन चंदगी राम, कैप्टन बीर सिंह व रेजांगला शहीदों के परिवार उपस्थित थे।
इस अवसर पर रेजांगला शहादत पर अहीर शौर्य समारिका का विमोचन भी किया गया। कलश यात्रा के साथ बीएमजी मॉल, अंबेडकर चौक, बस स्टैंड चौक, अग्रसेन चौक होते हुए राव तुलाराम चौक पर अमर शहीद राव तुलाराम को नमन कर यात्रा को महेंद्रगढ़ की तरफ हरियाणा प्रवास के लिए रवाना किया गया।