रेवाड़ी। रेवाड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन के परिसर में पहली बार फूड ट्रक थीम चौपाल विकसित की जाएगी। यहां 24 घंटे भोजन और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस परियोजना के लिए रेलवे ने तीन वर्ष के संचालन का टेंडर जारी कर दिया है। स्टेशन पर बेहतर गुणवत्ता का भोजन मिलने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार फूड ट्रक थीम चौपाल स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप सर्कुलेटिंग एरिया से लगी दीवार के पास स्थापित की जाएगी। इसे फूड ट्रक की थीम पर तैयार किया जाएगा।
यहां यात्रियों को चाइनीज, इटालियन, साउथ इंडियन सहित विभिन्न प्रकार के भारतीय व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
फूड ट्रक थीम चौपाल शुरू होने के बाद यात्रियों को भोजन के लिए स्टेशन परिसर से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सुबह जल्दी और देर रात ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अभी तक खानपान के लिए स्टेशन से बाहर जाना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी होने के साथ ट्रेन छूटने का जोखिम भी बना रहता था।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि फूड ट्रक थीम चौपाल में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित दरों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी। मेन्यू और रेट सूची को अंतिम रूप देने के बाद जल्द ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
वर्जन:
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है। फूड ट्रक थीम चौपाल शुरू होने के बाद रेवाड़ी जंक्शन पर यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ और बेहतर खानपान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी, जिससे उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी।-भूपेश यादव, सीनियर डीसीएम, जयपुर मंडल