संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने एडीआर सेंटर में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की। यह आयोजन 'स्वस्थ बच्चा, मजबूत राष्ट्र कुपोषण का उन्मूलन' विषय पर केंद्रित था।
इसमें जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव रेणु सोलखे ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। बच्चों के विकास के लिए संतुलित आहार आवश्यक है। कुपोषण समाप्त करने में सरकार, परिवार, विद्यालय और समाज की अहम भूमिका है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वस्थ भोजन, कुपोषण की रोकथाम और फास्ट फूड के दुष्प्रभावों पर विचार रखे। जैन पब्लिक स्कूल की टीम विजेता बनी। निर्णायक मंडल में राजेश बंसल, सुधीर, ज्योत्सना और हरीश शर्मा शामिल थे। डीएलएसए ने लायंस क्लब और एवरेस्ट स्क्वायर के सहयोग से यह कार्यक्रम किया।