फोटो : 24रेवाड़ी। बीकानेर स्थित राजकीय स्कूल में रामलीला का रंगारंग मंचन करते छात्र-छात्रा
रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रवक्ता अनीता रोहिल्ला और कांता लहकरा ने किया। मंचन ने उपस्थित सभी दर्शकों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देते हुए प्रभावित किया।
रामलीला में कक्षा नौवीं की तन्नू ने भगवान श्री राम, राधिका ने माता सीता, कनिष्का ने लक्ष्मण, विनय ने बजरंग बली हनुमान, अंशिता ने रावण, नवीन ने जटायु और सोनाली ने अन्य सहयोगी पात्रों की भूमिकाएं निभाईं। सभी विद्यार्थियों के शानदार अभिनय और संवादों ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हमें मर्यादा में रहकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।