संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। समाज कल्याण एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ 13 अगस्त को सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य प्रतिज्ञा, शैक्षिक गतिविधियों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से नागरिकों को नशीली दवाओं की लत के खिलाफ एक जन आंदोलन का निर्माण करना है।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण एवं अधिकारिता विभाग की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता लाने के लिए शुरू किया गया है।
सभी लोग क्यूआर कोड के माध्यम से जुड़कर सामूहिक प्रतिज्ञा में भाग लेकर मादक पदार्थों के सेवन न करने की शपथ अवश्य लें।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग नशीली दवाओं की मांग में कमी लाने, नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम, समस्या का आकलन, निवारक कार्रवाई, उपयोगकर्ताओं के उपचार और पुनर्वास, सूचना के प्रसार के सभी पहलुओं का समन्वय और निगरानी करता है।
मंत्रालय ने नशा मुक्त भारत अभियान शुरू किया है जो वर्तमान में देश के सभी जिलों में युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है।