डीसी अभिषेक मीणा से बातचीत करतीं भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। शहर की सीवर लाइन के लिए 150 करोड़ रुपये का बजट पास हो चुका है। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए स्टॉर्म वॉटर प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। पुरानी बिजली की तारों को बदलकर ऊंचे पोल लगाए गए हैं जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और तकनीकी समस्याएं कम होंगी। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने दी।
नगर परिषद की कार्यकारिणी का कार्यकाल 17 जनवरी को समाप्त हो चुका है। ऐसे में शहर में विकास कार्यों की गति बरकरार रखने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने सोमवार को उपायुक्त अभिषेक मीणा से विशेष मुलाकात की। इस दौरान सफाई व्यवस्था पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरे के रिसाइकलिंग के लिए पांच साल का टेंडर हो चुका है। उन्होंने शहर की प्रमुख सड़कों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया। उन्होंने गढ़ी बोलनी रोड, झज्जर रोड और नारनौल रोड पर अंधेरे की स्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि संबंधित विभाग को इस संबंध में पत्र लिखा जा चुका है और जल्द ही स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि शहर में कई नई सड़कों का निर्माण हो चुका है लेकिन कुछ पुरानी सड़कों पर अभी भी गड्ढे बने हुए हैं जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत हो रही है। इन सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। डीसी ने सभी सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा कर कमियों को दूर कराने का आश्वासन दिया।
गाय के हमले से महिला की हुई मृत्यु का किया जिक्र:
जिलाध्यक्ष ने हाल ही में रेवाड़ी में गाय के हमले से एक महिला की मृत्यु का जिक्र करते हुए नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताई। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है। पशुओं की समस्या के समाधान के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले भी इस दिशा में कार्रवाई की गई है और आगे भी इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।