रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत दिल्ली-जयपुर दिशा में तीसरी लेन जोड़ने के साथ ही 2 किलोमीटर लंबी नई सड़क और मसानी बैराज पर तीन लेन का पुल बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आवागमन सुगम होगा।
मौजूदा स्थिति में मसानी बैराज के पास हाईवे दो हिस्सों में बंट जाता है। जयपुर से दिल्ली की ओर तीन लेन हैं जबकि दिल्ली से जयपुर की ओर केवल दो लेन होने के कारण यहां सड़क संकरी हो जाती है। इसी असंतुलन के चलते वाहनों का दबाव बढ़ता है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर पीक आवर्स में जाम की समस्या पैदा होती है।
एनएचएआई के अनुसार योजना के तहत मसानी बैराज पर नई सड़क बनाई जाएगी जो बैराज को पार करते हुए सीधे दिल्ली-जयपुर हाईवे से जुड़ेगी। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी।
इससे दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी। दिल्ली-जयपुर साइड पर एक अतिरिक्त लेन जोड़ी जाएगी जिससे सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी और ट्रैफिक को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा। इससे वर्तमान में बनने वाले बॉटलनेक को खत्म करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार जल्द ही बैठक होने की संभावना है। इसके बाद आवश्यक स्वीकृति मिलने पर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मसानी बैराज के पास जाम की समस्या स्थानीय लोगों के साथ-साथ दिल्ली, गुरुग्राम और जयपुर के बीच आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों को प्रभावित करती है। परियोजना पूरी होने के बाद इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के लिए भूमि हुई चिह्नित
एनएचएआई रेवाड़ी पीआईयू के प्रोजेक्ट डायरेक्टर योगेश तिलक ने बताया कि परियोजना के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। हालांकि कुछ हिस्सा वन विभाग की भूमि में आ रहा है। इस संबंध में वन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा होगी। उधर, एनएचएआई का कहना है कि योजना के लागू होने के बाद मसानी बैराज क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इससे न केवल यात्रा का समय घटेगा। सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।