संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। उठान में तेजी नहीं आने के कारण जिले की मंडियां सरसों और गेहूं से अटी पड़ी हैं। इससे मंडियों में जाम की स्थिति पैदा हो गई है। अनाज मंडियों में 95 हजार क्विंटल सरसों और 97 हजार क्विंटल गेहूं की उठान होनी बाकी है। गत सप्ताह मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अधिकारियों को गेहूं और सरसों की उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी मंडियों में उठान व पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई।
जिले में अभी तक कुल 311830 क्विंटल सरसों की आवक हुई है जबकि 309120 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें से 213240 क्विंटल सरसों की लिफ्टिंग पूरी हो चुकी है और 95 हजार क्विंटल सरसों लिफ्टिंग का कार्य बाकी है। वहीं, गेहूं की जिले में 229570 क्विंटल आवक हुई है जिनमें 223320 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है, जबकि 126010 क्विंटल गेहूं की उठान हो चुकी है। करीब 97 हजार क्विंटल गेहूं की उठान होनी बाकी है। बारिश के बाद भी उठान प्रक्रिया में तेजी नहीं आई है। उठान प्रक्रिया धीमी होने के कारण अनाज मंडियों में जाम की स्थिति पैदा हो गई है।
रेवाड़ी अनाज मंडी में स्कूल की बसें बच्चों को छोड़ने व लेने के लिए आती हैं। आते-जाते वक्त हमेशा ट्रैक्टर व बड़ी गाड़ियां उठान के लिए मंडी में लगी होती हैं। अनाज की बोरियां सड़क के किनारे रखे होने के कारण कई बार जाम लग जाता है जिससे स्कूल बस को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है। इससे बच्चों को काफी परेशानी होती है।
मंडियों में पेयजल और सफाई की व्यवस्था बदहाल
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बीते बुधवार को फसल खरीद की व्यवस्था को लेकर प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीसी की थी। मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया बारे विस्तृत जानकारी ली थी। उन्होंने खरीद एजेंसी के अधिकारियों को खरीद की गई फसल की समय से उठान करने, भंडारण, ट्रांसपोर्टेशन टेंडर को लेकर निर्देश दिए थे। मंडियों में पेयजल, शौचालय, सफाई आदि व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही थी। इसके बाद भी शौचालय, पेयजल और सफाई की व्यवस्था बदहाल है। एडीसी अनुपमा अंजलि ने अनाज मंडी का दौरा किया था। बावजूद स्थिति में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है।
मंडियों में सुचारू रूप से हो रही गेहूं व सरसों की खरीद : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिले की मंडियों में सरसों और गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार किसानों की उपज निर्धारित मानकों के अनुरूप खरीदी जा रही है। उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डीसी ने बताया कि खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को समय पर भुगतान करें ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने किसानों से अनाज को सुखाकर लाने की अपील की है ताकि उन्हें परेशानी नहीं हो। बताया कि जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।