संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। धारूहेड़ा कस्बे में सोहना रोड पर मदद के बहाने दो युवकों ने एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर उसके बैंक खाते से 92 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
धारूहेड़ा की प्रजापति कॉलोनी निवासी सुमन ने बताया कि उसका केनरा बैंक में खाता है। 26 जुलाई को नया डेबिट कार्ड बनवाया था। रविवार को उसके देवर राहुल डेबिट कार्ड का पिन बनाने के लिए गए थे। एटीएम बूथ पर तीन युवक खड़े थे जिन्होंने एटीएम का पिन बनाने के लिए राहुल की मदद की। इसी दौरान आरोपियों ने उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। घर पहुंचने पर मेरे मोबाइल पर 10-10 हजार रुपये निकलने के दो मैसेज आए। इसके बारे में जब राहुल से पूछा तो उसने बताया कि वह तो सिर्फ पिन बनाने गया था। खाते से कोई पैसे नहीं निकाले। इसके बाद उसने तुरंत बैंक की शाखा में पहुंचकर डेबिट कार्ड बंद कराया। आरोपियों ने बैंक खाते से 92 हजार रुपये निकाल लिए। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने सुमन की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।