खेती के साथ मधुमक्खी पालन से अधिक मुनाफा कमाएं : डॉ. बलबीर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। गांव मुरलीपुर में आत्मा स्कीम के तहत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में 25 से अधिक किसानों ने भाग लिया। कृषि अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किसानों को विभाग की विभिन्न स्कीमों से अवगत कराया तथा मेरी फसल मेरा ब्योरा की जानकारी दी।
डॉ. मनोज वर्मा ने बताया कि एकीकृत खेती प्रणाली का अगर वैज्ञानिक तरीके से अनुपालन किया जाए तो वह खेती में लगे परिवारों को पूरे साल की आजीविका देने के अलावा आय वृद्धि का भी माध्यम बनेगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मधुमक्खी पालन भी कृषि से जुड़ा व्यवसाय है। जिसमें कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। कृषि से जुड़े लोग या फिर बेरोजगार युवक इस व्यवसाय को अपना सकते हैं। मधुमक्खी पालन अपनाने वालों को खादी ग्रामोद्योग द्वारा ऋण की सुविधा भी दी जाती है।