रेवाड़ी। सीएम फ्लाइंग व आरटीए विभाग की टीम ने दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसते हुए जुर्माना लगाया है। चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने ओवरलोड पाए गए 14 वाहनों का चालान किया है।
इसके साथ ही इन वाहनों पर करीब 8 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर सतेंद्र और आरटीए विभाग के योगेश कुमार ने किया। दरअसल, सूचना मिल रही थी कि मिलीभगत से ओवरलोड वाहन चलाए जा रहे हैं। सूचना पर हाईवे पर दोनों विभागों की टीम ने मिलकर ओवरलोड वाहनों की जांच पड़ताल की।
इस दौरान टीम ने पहली बार डंपर चालकों के फोन भी चेक किए। फोन चेक करने का कारण यह था कि कहीं कोई विभाग का कर्मचारी कोई सूचना तो नहीं लीक कर रहा है। हालांकि, इस चेकिंग में किसी प्रकार से कोई मिलीभगत नहीं पाई गई है। विभाग को जानकारी मिली थी कि चालकों ने व्हाटसएप ग्रुप बनाए हुए हैं, अगर इनमें से कोई पकड़ा जाता है तो वह ग्रुप में जानकारी दे देता है, जिससे इस रूट पर आने वाले बाकी वाहन चालक पहले ही सचेत हो जाएं और अपना चालान कटने से बचा लें। ऐसा कुछ जांच में नहीं पाया गया है। फिलहाल आरटीए का कहना है कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
6 दिन पहले 73 डंपरों का किया था चालान
टीम ने 6 दिन पहले भी बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान टीम ने 73 ओवरलोड डंपरों पर 63 लाख 78 हजार 280 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 13 डंपरों को जब्त किया था।
सीएम फ्लाइंग की इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मच गया था। टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान की तरफ से रेवाड़ी के रास्ते गुरुग्राम-फरीदाबाद की तरफ बिल्डिंग मैटेरियल से लदे ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। उसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया था।
ओवरलोड डंपर से हो चुका है हादसा
डंपर की वजह से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। फरवरी में ओवरलोड डंपर ने कार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह हादसा रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर हरिनगर के पास हुआ था। ओवरलोड डंपर की वजह से सड़कों की हालत भी खराब होती है। इन डंपरों के चालक वाहनों को काफी तेज गति से चलाते हैं, इससे सड़क की हालत भी जल्दी खराब होती है।
-
19 ओवरलोड डंपर को किया था जब्त
फरवरी में 19 ओवरलोड डंपर को जब्त किया था। आरटीए विभाग ने ओवरलोड डंपरों का चालान कर 18 लाख 37 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। एनएच-48 पर जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर से लेकर कसोला चौक तक नाकाबंदी के बाद कार्रवाई की गई थी।