अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करती पुलिस। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा के निर्देश पर 6 से 12 अप्रैल तक जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इस सप्ताह लाल और नीली बत्ती के दुरुपयोग पर 2 चालान किए गए जबकि लेन चेंज नियमों की अनदेखी करने पर 863 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
नशे में वाहन चलाने वाले 8 चालकों के चालान किए। तेज डीजे और प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बुलेट से पटाखा छोड़कर स्टंट करने वाले 2 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में आगे चलकर मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
उनका कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है और यह मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे में वाहन न चलाएं, ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस आगे भी ऐसे अभियान जारी रखेगी, ताकि शहर में सुरक्षित और अनुशासित वातावरण बना रहे।