रेवाड़ी। पानीपत में सोमवार 9 दिसंबर को बीमा सखी योजना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। इसे लेकर जिले से 16 रोडवेज बस स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लेकर पानीपत कार्यक्रम में जाएंगी।
इसके अलावा रेवाड़ी की तरफ से पानीपत व कुरुक्षेत्र डिपो को 70 बसें दी जाएगी। यानी जिले से कुल 86 बसों को पानीपत कार्यक्रम में लगाया गया है। ताकि कार्यक्रम में जाने वाली महिलाओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो। पानीपत में पूरे प्रदेश भर से बीमा सखी योजना कार्यक्रम में मुख्य रूप से सेल्फ हेल्प ग्रुप, महिला पंच, सरपंच, ड्रोन दीदी के अलावा अन्य सभी वर्गों की महिलाएं पहुंचेगी। इसके कारण सभी रूटों पर परिवहन सेवा प्रभावित हो सकती है।
बसों के सभी रूट होंगे प्रभावित
पानीपत में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर 151 में से 86 बसें चलाई जाएंगी। इस कारण डिपो के पास मिनी व किलोमीटर स्कीम की कुल 65 बसें रह जाएंगी। इसके कारण दैनिक यात्रियों के साथ-साथ ग्रामीण रूटों पर भी यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, सोमवार को कार्य दिवस होने के कारण भी बसों में भीड़ होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेवाड़ी डिपो के पास हरियाणा रोडवेज की 98 बसें, 18 मिनी व 35 किलोमीटर स्कीम की बस मिलाकर कुल 151 बस हैं।
इन रूटों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा
रेवाड़ी डिपो से जम्मू-कटरा, चंडीगढ़, हरिद्वार, गुरुग्राम, दिल्ली, पलवल, फरीदाबाद, मथुरा, आगरा, कोटकासिम, अलवर, जयपुर, नारनौल-महेंद्रगढ़, भिवानी, रोहतक, झज्जर, पटौदी के अलावा ग्रामीण रूटों बावल, कोसली, धारूहेड़ा सहित अन्य रूटों पर बसों का संचालन पर ज्यादा असर पड़ेगा।
आज से ही परिवहन सेवाओं पर पड़ेगा असर
प्रदेश में हर जिले से बड़ी संख्या में महिलाएं प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचेंगी, जिन्हें लाने ले जाने की जिम्मेदारी रोडवेज को सौंपी गई है। उच्च निदेशालय के आदेश पर रविवार सुबह 9 बजे से परिवहन सेवाओं पर असर देखने को मिलेगा। ऐसा इसलिए रेवाड़ी डिपो से पानीपत 50 व कुरुक्षेत्र डिपो को 20 बसें भेजी जाएंगी। बड़ी संख्या में बसों के जाने से चुनिंदा रूट को छोड़ दें तो अधिकतर रूट पर परिवहन सेवाएं बाधित रहेंगी।
जिले में रोडवेज डिपो की स्थिति
-जिले में रोडवेज बेड़े में कुल बसें : 151
-बस अड्डे में रोडवेज की बसें : 116
-बस अड्डे में किलोमीटर योजना की बसें : 35
-बस अड्डे में कार्यरत चालक : 184
-बस अड्डे में कार्यरत परिचालक : 219
-
पानीपत में बीमा सखी योजना के लिए होने वाले कार्यक्रम के लिए सरकार द्वारा बसें मांगी गई हैं। इसके लिए जिले से 50 बसें पानीपत जाएंगी। वहीं 20 बसें पानीपत जाने के लिए कुरुक्षेत्र डिपो को दी जाएंगी। रेवाड़ी से कार्यक्रम में जाने के लिए 16 बसें लगाई गई हैं। इसके लिए विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। बाकी बची बसों से व्यवस्था बनाई जाएगी, प्रयास रहेगा। कि किसी भी रूट पर यात्रियों को परेशानी नहीं आने दी जाए।
- देवदत्त, जीएम, रेवाड़ी, डिपो।