सीएम विंडो की शिकायतों के हल को दें प्राथमिकता : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। उपायुक्त पंकज ने मंगलवार को जिला लघु सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के हल को प्राथमिकता दें और उसकी एटीआर रिपोर्ट भेजे। उपायुक्त ने बताया कि अब तक सीएम विंडो पर आईं 8212 शिकायतों में से 7699 का समाधान किया जा चुका है। 513 शिकायतें लंबित हैं। वर्ष 2016 की 30 शिकायतें विभिन्न विभागों की लम्बित हैं उनका शीघ्र निपटान करें।
उपायुक्त ने बताया कि 12 जनवरी को सीएम विंडो की शिकायतों की पुन: समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का समाधान कर रिपोर्ट अपडेट करें। सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे सीएम विंडो पर प्राप्त हुई शिकायतों के निपटान में देरी न करें। यदि कोई अधिकारी व कर्मचारी इस संबंध में कोताही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम विंडो के संबंध में अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की प्रतिदिन व्यक्तिगत तौर पर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को चाहिए कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। उन्होंने बताया कि सीएम विंडो की शिकायतों को लेकर सरकार बहुत गंभीर है। यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती तो वह स्वयं उसके लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होने कहा कि सीएम विंडो से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारी पूर्ण ध्यान दे और प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध अवधि में शिकायतों का निपटारा करना सुनिश्चित करें।