20 लाख अतिरिक्त बिजली से रोशन होगी दिवाली ,,,37 और 38
कार्यकारी अभियंता के नेतृत्व में जिले के नौ डिवीजनों में पांच-पांच कर्मचारियों की टीमों का किया गठन
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दिवाली पर टिमटिमाती लड़ियों की वजह से बिजली की खपत करीब 15-20 फीसदी बढ़ जाती है। निगम के अनुसार औसतन 45-50 लाख यूनिट बिजली की खपत होती है। वर्तमान में यह बढ़कर करीब 60 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। दिवाली तक यह डिमांड बढ़कर 70 लाख यूनिट तक पहुंच जाएगी। दिवाली को रोशन बनाए रखने के लिए निगम ने युद्धस्तर पर अभियान चलाया हुआ है। किसी भी समस्या के निदान के लिए कार्यकारी अभियंता के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। जिले के 2.42 लाख बिजली उपभोक्ताओं की दीपावली में कोई खलल न पड़े, इसके लिए निगम ने जिले में ट्रांसफार्मर, जंपर, फ्यूट आदि को दुरुस्त करने का अभियान चलाया हुआ है।
जिले के सभी नौ सब डिवीजनों में पांच-पांच लोगों की टीम का गठन किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है दीपावली पर घरेलू बिजली की खपत 15-20 फीसदी बढ़ जाती है। इससे फीडरों पर लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर जलने और जंपर उड़ने की घटना आम है। इसी से सबक लेकर निगम ने सभी 405 फीडर पर जर्जर तारों को बदलने का अभियान छेड़ा हुआ है। उल्लेखनीय है कि जिले में प्रतिदिन औसतन 45-50 लाख यूनिट प्रतिदिन बिजली की खपत होती है। लेकिन बीते कुछ दिनों से यह खपत 60 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। वीरवार को भी बिजली की खपत 51 लाख यूनिट दर्ज की गई। दीपावली पर औद्योगिक क्षेत्र में छुट्टी रहने पर वहां बिजली की खपत कम हो जाती है। बावजूद इसके सिस्टम पर लोड बढ़ जाता है। दीपावली के सीजन में घरों में लाइट की डिमांड बढ़ने के साथ कृषि क्षेत्र में भी बिजली की डिमांड बढ़ जाती है। निगम के आंकड़ों के अनुसार दीपावली के दिन बिजली की खपत 70 लाख यूनिट तक पहुंच जाती है।
आधा घंटे में बदल दिया जाएगा डैमेज ट्रांसफार्मर
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के रेवाड़ी सर्कल में नौ सब डिवीजन हैं। त्योहार के सीजन में सबसे बड़ी समस्या ट्रांसफार्मर जलने की रहती है। दीपावली के दिन यदि कोई ट्रांसफार्मर जल जाए तो उसे त्योहार के बाद ही बदला जाता था। इसके चलते कुछ घरों में अंधेरा छा जाता था। इसी समस्या से निपटने के लिए निगम ने प्रत्येक सब डिवीजन में एक-एक ट्रांसफार्मर अलर्ट मोड पर रख दिया है। लेबर के साथ ट्रांसफार्मर गाड़ी में लोड रहेगा। जहां से भी जलने की सूचना मिलेगी। उसके आधे घंटे के अंदर स्पेशल टीम ट्रांसफार्मर को बदलेगी।
------------
वर्जन-
दीपावली पर 10-15 फीसदी तक बिजली खपत बढ़ जाती है। उपभोक्ताओं की दीपावली में किसी तरह का खलल ने पड़े, इसके लिए निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। डिवीजनों में पांच-पांच लोगों की स्पेशल टीम का गठन कर दिया गया है। वहीं ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में स्टैंडबाई मोड में एक-एक ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। आधे घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। जिले में खपत के हिसाब से पूरी आपूर्ति है। - सत्यीवर यादव, एक्सईएन, विद्युत निगम