भिवाड़ी(रेवाड़ी)। खैरथल तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र के बेगमपुर गांव में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची सोनाक्षी की मौत हो गई। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी, तभी पास से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने बैक करते समय घर की दीवार से टक्कर मार दी जिससे दीवार पर बना पिलर गिर गया और बच्ची के सिर पर जा गिरा।
मृतका के चाचा राजेश कुमार ने बताया कि सोनाक्षी सुबह करीब 9 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। उसी दौरान सड़क से गुजर रहे ट्रैक्टर ने बैक करते हुए दीवार को टक्कर मार दी। टक्कर से दीवार का पिलर ढह गया जो सीधे खेल रही सोनाक्षी के सिर पर गिरा। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के समय बच्ची के दो छोटे भाई-बहन भी आंगन में खेल रहे थे जो बाल-बाल बच गए। मौत की खबर फैलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया। सोनाक्षी गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी।
कोटकासिम थाना अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। परिजनों की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ जांच की जा रही है।