संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेलवे मंत्रालय की ओर से दिल्ली-रेवाड़ी मार्ग पर रेवाड़ी जंक्शन के निकट स्थित कुंभावास स्टेशन से डीएफससी के न्यू रेवाड़ी स्टेशन तक 8.3 किलोमीटर लंबी बाईपास लाइन बनाने का कार्य किया जा रहा है। यह काम डीएफसीसी की ओर से किया जा रहा है। इसमें 417.90 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होकर निकलने वाली लगभग 50 मालगाड़ियों का रास्ते में जल्द ही बदलाव किया जाएगा।
वर्तमान में दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होते हुए जयपुर, अजमेर रेलवे स्टेशन के रास्ते अहमदाबाद तक 50 मालगाड़ियों का प्रतिदिन संचालन किया जा रहा है। इन मालगाड़ियों के आवागमन से रेवाड़ी जंक्शन पर ट्रैफिक रहता है। स्टेशन से संचालित की जाने वाली सवारी ट्रेनों के संचालन के लिए मार्ग की उपलब्धता काफी कम रहती है। इससे सवारी गाड़ियों के साथ मालगाड़ी भी लेट होती है। इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे ने रेवाड़ी मार्ग को डीएफसीसी (डेडीकेटेड फ्रेंट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन) के न्यू रेवाड़ी स्टेशन से सीधा जोड़ने के लिए दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होते हुए अहमदाबाद तक जाने वाली मालगाड़ियों के रास्ते में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
डीएफसीसी के अधिकारियों ने बताया कि इस बाईपास के बनने से दिल्ली की ओर से आने वाली मालगाड़ियों को रेवाड़ी जंक्शन से पहले ही कुम्भावास स्टेशन से डीएफसीसी के न्यू रेवाड़ी स्टेशन, रींगस व अजमेर स्टेशन होते हुए अहमदाबाद और अन्य जगहों के लिए निकाला जा सकेगा। इससे दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होकर जयपुर-अजमेर स्टेशन होते हुए अहमदाबाद की ओर जाने वाली मालगाड़ियां बिना रेवाड़ी जंक्शन पर आए सीधे कुंभावास स्टेशन से डीएफसीसी के न्यू रेवाड़ी, रींगस व अजमेर स्टेशन से होकर अहमदाबाद और अन्य जगहों को जा सकेगी।
इसका फायदा यह होगा कि मालगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन से रेवाड़ी जंक्शन पर आने वाली सवारी गाड़ियों को खुला रास्ता मिल सकेगा। इस रूट पर ट्रैफिक कम होने से नई सवारी गाड़ियों के संचालन भी किया जा सकेगा। वहीं, मालगाड़ियों के संचालन में भी तेजी आएगी। इससे व्यापारियों को फायदा होगा, क्योंकि, कम समय में माल को बाईपास के रास्ते अहमदाबाद और अन्य जगहों पर पहुंचाया जा सकेगा।
50 मालगाड़ियों के बाईपास लाइन से जाने से सवारी गाड़ियों को मिलेगा खुला रास्ता
वर्तमान में दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होकर लगभग 50 मालगाड़ियों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। इससे दिल्ली और रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली सवारी गाड़ियों को मार्ग की उपलब्धता काफी कम रहती है। लेकिन, न्यू रेवाड़ी-कुंभावास बाईपास लाइन के निर्माण होने के बाद इस रूट पर चलने वाली मालगाड़ियों को बाईपास से निकाला जा सकेगा। इससे दिल्ली की ओर से प्रतिदिन आने वाली 50 मालगाड़ियों को बिना रेवाड़ी जंक्शन पर आए सीधे निकलने की सुविधा मिल सकेगी और रेवाड़ी जंक्शन पर आवागमन करने वाली सवारी गाड़ियों को रेवाड़ी जंक्शन पर आने के लिए खुला रास्ता मिलेगा।
इस साल में काम पूरा होने की है संभावना
बाईपास लाइन बनाने का कार्य डीएफसीसी की ओर से किया जा रहा है। यह कार्य 417.90 करोड़ की राशि से किया जाएगा। इस बाईपास लाइन के लिए 40.27 हेक्टेयर भूमि अवाप्त की जा रही है। जिसका अधिकांश हिस्सा अवाप्त किया जा चुका है। डीएफसीसी के अधिकारियों के अनुसार बाईपास लाइन के निर्माण का कार्य वर्ष 2023 में शुरू किया था। इसका लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा भी किया जा चुका है। बाईपास लाइन का कार्य इस साल में पूरा होने की संभावना है।
6 बड़े और 6 छोटे पुलों के साथ 12 आरयूबी का होगा निर्माण
न्यू रेवाड़ी से कुंभावास तक 8.3 किलोमीटर लंबी इस बाईपास लाइन के मार्ग में 6 बड़े पुल, 6 छोटे पुलों के निर्माण के साथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए 12 आरयूबी/पैदल पार पथ का भी निर्माण किया जाएगा। बाईपास लाइन का निर्माण डीएफसीसी के न्यू रेवाड़ी किशनगढ़ बालावास खंड के किमी 5/200 से होकर दिल्ली रेवाड़ी मार्ग पर रेवाड़ी जंक्शन स्टेशन के निकट कुम्भावास स्टेशन तक होगा। वहीं, कुम्भावास स्टेशन को फ्लैग स्टेशन को जंक्शन स्टेशन में क्रमोन्नत किया जाएगा, जिसका कार्य उतर रेलवे द्वारा किया जाएगा।