संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली सुपर-100 लेवल-2 की परीक्षा में जिले के 75 विद्यार्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 1 मई से 3 मई तक होगी।
कुरुक्षेत्र में परीक्षा से पहले तीन दिवसीय कार्यशाला होगी जिसमें सुपर-100 लेवल-1 परीक्षा में उत्तीर्ण जिले के 75 विद्यार्थी शामिल होंगे। इस कार्यशाला को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शेड्यूल जारी करने के साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। कार्यशाला के बाद वहीं पर परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा के बाद परिणाम जारी होंगे। सुपर-100 योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग की ओर से दो साल तक जेईई और नीट की कोचिंग दी जाएगी। अध्ययन के इच्छुक छात्रों को मुफ्त रहने की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
सुपर-100 स्कूल शिक्षा विभाग व विकल्प फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को केंद्रों पर ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाती है। इसके अलावा ड्रेस, किताबें बच्चों को निशुल्क वर्दी, पाठ्य पुस्तकें, टैबलेट के साथ ही सेंटर तक आने जाने के लिए भत्ता दिया जाता है।
सुपर-100 के लिए जरूरी दस्तावेज
विद्यार्थियों को आधार कार्ड, दो फोटो और प्रवेश पत्र साथ ले जाना होगा। इसके अलावा कपड़े, साबुन, नोटबुक और पेंसिल साथ ले जा सकते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने बैच में हिस्सा लेना होगा। रहने और खाने का खर्च फाउंडेशन की ओर से वहन किया जाएगा। मोबाइल नहीं ले जा सकते हैं।
वर्जन
सुपर-100 की दूसरे लेवल की परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले से 75 विद्यार्थी कुरुक्षेत्र जाएंगे। 1 मई से 3 मई के बीच में परीक्षा आयोजित होगी।-रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।