रेवाड़ी। जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ बनवारी ने रविवार को बावल क्षेत्र के गांव बधराना में 127.52 लाख रुपये की लागत से निर्मित बुस्टिंग स्टेशन व नलकूप का उद्घाटन कर लोगों को समर्पित किया। उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों को नमन कर कहा कि इस जघन्य हत्याकांड का बदला जरूर लिया जाएगा। हमले के बाद प्रधानमंत्री द्वारा कह दिया गया है कि सैनिक जब चाहे कार्रवाई कर सकते हैं, यह बहुत बड़ी बात है और सैनिकों को इस प्रकार के आदेश देश में पहली बार दिए गए हैं। जबकि पिछली सरकारों के समय में यह कहा जाता था कि जब तक दिल्ली से आदेश ना आए, तब तक कार्यवाही नहीं करनी है।
डॉ बनवारी लाल ने कहा कि प्रदेश में ग्रुप डी की भर्तियों, पांच नगरनिगम चुनावों व जींद उपचुनाव के बाद प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आया है। अब लोग कहने लग गए हैं कि बिना सिफारिश और बिना पैसे, योग्यता के आधार पर नौकरी देने वाली प्रदेश में पहली सरकार बनी है। उन्होंने बताया कि इस बार पुलिस सिपाहियों की भर्ती में 4700 में से 1800 बच्चे दक्षिणी हरियाणा से लगे हैं। अभी 7 हजार सिपाहियों की भर्ती चल रही है, उसका रिजल्ट भी आने वाला है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाला कोई भी बच्चा बेरोजगार नहीं रहेगा और सभी को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बावल विधानसभा क्षेत्र में खारे पानी की समस्या का निदान करने के लिए नहरी पेयजल योजनाएं बनाई गई है। आगामी 30 वर्षों तक क्षेत्र में पेयजल की कोई कमी महसूस नहीं होगी।
जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ बनवारी ने गांव कनूका में 81.85 लाख रुपये की राशि से बने बूस्टिंग स्टेशन व नलकूप का उद्घाटन किया तथा गांव चांदुवास में पंचायत घर, इंटरलॉकिंग टाइलस से नवनिर्मित फिरनी, एससी चौपाल का उद्घाटन किया व बीपीएल कालोनी में पीने के पानी की पाईप लाइन बिछाने का शुभारंभ भी किया। उन्होंने तीनों गांव बधराना, कनुका व चांदुवास में विकास कायों के लिए 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता बी डी भांकर, कार्यकारी अभियंता रविन्दर गोठवाल, बावल पंचायत समिति चेयरमैन विरेंदर छिल्लर व सरपंच सुभाष सहित अन्य उपस्थित थे।