नाबालिग की बरामदगी को लेकर 11 गांवों की पंचायत में पहुंचे कैप्टन अजय यादव
अमर उजाला ब्यूरो
बावल। खंड के गांव मोहनपुर से 15 दिन पूर्व लापता हुई नाबालिग लड़की का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। इसके विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे परिजन और ग्राम पंचायत की तरफ से वीरवार को 11 गांवों की पंचायत बुलाई गई। इसमें पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय सिंह यादव भी शामिल हुए। कैप्टन ने जहां इसे पुलिस की लापरवाही बताया, वहीं भाजपा की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को निशाने पर रखा।
पंचायत में पहुंचे कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि बेहद दुख की बात है कि एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी पुलिस मोहनपुर की नाबालिग का सुराग नहीं लगा पाई है। 27 जून से लापता बच्ची शिवानी का 15 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगना पुलिस की बहुत बड़ी लापरवाही को उजागर कर रहा है। कैप्टन ने कहा कि बकौल परिजन मामले के जांच अधिकारी भी उनको संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। कैप्टन अजय सिंह ने कहा कि नाबालिग के परिजनों ने भाजपा सरकार के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। कहीं से कोई भी मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि नाबालिग का सुराग नहीं लगना भाजपा की बेटी बचाओ- बेटी-पढ़ाओ नारा को हवा हवाई साबित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की सीएलपी लीडर किरण चौधरी से इस मामले को विधानसभा में उठाने की बात करेंगे। इसके अलावा सोमवार 16 जुलाई को महिला शक्ति नंबर लांच करने के लिए रेवाड़ी आ रही पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा के सामने भी यह मामला रखा जाएगा। यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ है।