गांव मनेठी में कॉलेज खोलने की जगी आस
अमर उजाला ब्यूरो
खोल। कुंड क्षेत्र में पिछले कई सालों से कॉलेज बनाने की मांग को उस समय बल मिला जब निकटवर्ती गांव हुड़ियां जैतपुर स्थित प्राचीन धर्म स्थान सीताराम मंदिर गद्दी के महंत रामेश्वर दास महाराज ने गांव मनेठी में कॉलेज खोले जाने की पहल की है। इसे लेकर कुंड में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा नेता डॉ. अरविंद यादव ने की। इसमें जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य तजेंद्र यादव, शिक्षाविद् डॉ. एचडी यादव, मास्टर नरेंद्र न्यू ईरा, मास्टर तनसुख यादव जैतपुर व डॉ. जितेंद्र बिल्लू ने प्रमुख रूप से भाग लिया। बैठक में महंत रामेश्वर दास ने कहा कि गांव मनेठी में बाबा दयालदास महाराज हुड़ियां गद्दी की जमीन है, जो बाबा ध्यानदास आश्रम मनेठी के अंतर्गत आती है। वे ग्रामीणों और क्षेत्र के दानदाताओं के सहयोग से एक को-एजूकेशन कॉलेज बनवाना चाहते हैं और उसकी पहल कुंड से उन्होंने शुरू की हैं। शीघ्र ही गांव मनेठी में क्षेत्र के अन्य गांवों के पंच-सरपंचों और जन प्रतिनिधियों की एक महापंचायत का आयोजन कर इस विषय में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इस मौके पर डॉ. अरविंद यादव ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि वे इस कार्य में अपना हरसंभव सहयोग करेंगे। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं हुड़ियां गद्दी के प्रमुख सेवक मास्टर तनसुख यादव जैतपुर ने कहा कि महंत रामेश्वर दास ने कॉलेज बनाने का जो बीड़ा उठाया हैं, उसमें इस क्षेत्र के विद्यार्थियों का काफी भला होगा। कॉलेज निर्माण में पड़ोसी राज्य राजस्थान के निकटवर्ती गांवों के ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर महेंद्र सेक्रेटरी, समाजसेवी विनोद शर्मा खोरी, नंबरदार बख्तावर सिंह, भाजयूमो अध्यक्ष आनंद सिंह राठौड़, विनोद सितारा पंच, बलवंत पंच, घनश्याम कोलाना व अशोक यादव सहित अन्य कई ग्रामीण भी मौजूद थे।