सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने शुक्रवार को गांव नांगल तेजू में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया जिनमे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के तहत पेयजल बूस्टिंग स्टेशन और सहकारिता विभाग के तहत पैक्स, रेवाड़ी नांगल तेजू सेल पॉइंट के गोदाम, दुकान व कार्यालय शामिल रहे। गौरतलब है कि नांगल तेजू गॉंव में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पीने के पानी के लिए बूस्टिंग स्टेशन एवं पाइपलाइन लगाने का कार्य 1.24 करोड़ रु की लागत से करवाया गया है।
हर घर नल से जल मिशन 2022 में ही पूरा
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की हर घर नल से जल स्कीम के तहत गांव के सभी घरों में 70 लीटर प्रति व्यकि प्रतिदिन की दर से पीने का स्वच्छ जल वितरित किया जा रहा है। हरियाणा एक मात्र ऐसा राज्य है जिसने हर घर नल से जल मिशन का 2024 का लक्ष्य 2022 में ही पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा की यह भाजपा सरकार की कल्याणकारी एवं व्यवस्था परिवर्तन की नीतियों का ही फल है कि बावल विधानसभा क्षेत्र में 2014 से पहले पेयजल की जो भीषण समस्या थी उसपे अब पूरी तरह से निजात पा लिया गया है। नांगल तेजू में नवनिर्मित बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण नहरी पेयजल योजना नांगल तेजू के अंतर्गत किया गया है। इस योजना के तहत एक जलघर गांव रघुनाथपुरा मे बनाया गया है तथा रघुनाथपुरा में पानी को स्वच्छ करने के उपरांत बूस्टिंग स्टेशन नांगल तेजू के द्वारा गांव में वितरित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से जल को व्यर्थ न बहाने की अपील की।
नांगल तेजू के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपए अनुदान की घोषणा
सहकारिता मंत्री ने सहकारिता विभाग के अंतर्गत पैक्स नांगल तेजू के सेल पॉइंट की 6 दुकानों व 100 मीट्रिक टन गोदाम का उद्घघाटन करने उपरांत कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत बनाने का स्वप्न सहकारिता की भावना से साकार हो रहा है। जब से केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय अमित शाह ने संभाला है तब से ही सहकारिता विभाग में विकास कार्य विद्युत गति से हो रहे हैं। इसके तहत ही हरियाणा की सभी 751 पैक्स को आगामी 3 महीनों में कंप्यूटरीकृत कर दिया जाएगा जिससे पारदर्शिता व आधुनिकता में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि सभी पैक्स को जल्द ही बहुउपयोगी बनाया जाएगा। जिससे पैक्स में हैफेड, डेयरी व शुगरफेड के उत्पाद भी पैक्स के जरिये नागरिकों को उपलब्ध हो सकेंगे व साथ ही रोजगार संबंधित अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने गांव नांगल तेजू के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपए अनुदान की घोषणा की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसई पब्लिक हेल्थ संजीव दुहन, पंचायत समिति बावल चैयरमैन छत्रपाल, सह रजिस्ट्रार सुश्री सौम्या, जीएम सहकारिता सुरेशपाल, एक्सईएन रविन्द्र गोठवाल, सरपंच नांगल तेजू भीम सिंह, पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र छिल्लर मौजूद रहे।