रेवाड़ी। पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मार्च में 6912 वाहनों के चालान करते हुए 157 वाहन इंपाउंड किए गए हैं। इन वाहनों में 30 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल, 126 ब्लैक फिल्म वाहन, 736 रॉन्ग पार्किंग, 2604 विदाउट हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 1294 विदाउट नंबर प्लेट, 246 विदाउट हेलमेट, 8 विदाउट सीट बेल्ट, 1772 ट्रिपल राइडिंग, 9 ड्रिंकिंग ड्राइविंग, 12 प्रेशर हॉर्न बजाने पर, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 226 एवं 141 लेन चेंज करने के वाहन शामिल हैं।
साथ ही इन पर 3 करोड़ 44 लाख 59 हजार 300 रुपये का जुर्माना किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने कहा है कि वाहन चालकों के बकाया चालान को भरवाना सुनिश्चित करें तथा चालान न भरने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाए। पुलिस विभाग की तरफ से सभी वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि जिन वाहनों के ट्रैफिक चालान लंबित है वे समय रहते इन्हें भरना सुनिश्चित करें अन्यथा पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
एसपी ने आम जनता से अपील की है कि सभी यातायात नियमों की पूरी तरह से पालना करें, तेज रफ्तार में गति सीमा को न तोड़े, प्रेशर हॉर्न न बजाएं, रोड के बीच में अपने वाहन को कभी भी न रोकें। बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखा छोड़ कर हवा बाजी करने वालों को सचेत करते हुए कहा कि अभी केवल रेवाड़ी पुलिस चालान ही कर रही है संभल जाएं अन्यथा इस अपराध के लिए मुकदमा का भी प्रावधान है।