ग्रामीणों को दिए प्रशस्तिपत्र और पहचान पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। उपायुक्त पंकज ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लोगों की भागीदारी पुलिस का सराहनीय कदम है। इससे न केवल सूचना तंत्र मजबूत होगा, बल्कि अपराधों को रोकने में भी सहायता मिलेगी। वे बुधवार को जिला पुलिस लाइन में सेल्फी विद पहरेदार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया भी मौजूद रही। कार्यक्रम में पुलिस का सहयोग करने वाले ग्रामीणों को प्रशस्तिपत्र व पहचान पत्र भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि रोजमर्रा के दौरान होने वाली घटनाओं की सूचना पुलिस तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी। इस अभियान में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर ग्रामीणों तक को शामिल किया गया है, जो अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जो समस्याएं आ रही हैं, उनका समाधान किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया ने कहा कि 18 महीने पहले जिला में इस कार्यक्रम की शुरूआत की गई थी। इससे जिले में चोरी की घटनाओं में कमी आई है। गांवों में पशु चोरी व वाहन चोरी की वारदातों में पिछले वर्षों के मुकाबले जबरदस्त कमी आई है। किसी भी अपराध की सूचनाएं भी पुलिस तक तुरंत पहुंच रही है। इसके लिए ग्रामीणों का सहयोग तथा पुलिस के अधिकारियों व जवानों की भी अहम भूमिका रही है। यह प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए ताकि अपराध कम हो तथा अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके। सामाजिक कुरीतियों को रोकने में भी इस अभियान की मदद मिल रही है। इस अवसर पर डीएसपी सतपाल यादव, डीएसपी गजेंद्र कुमार सभी थाना प्रभारी तथा जिला के सभी गांवों से पंच सरपंच व गणमान्य लोग मौजूद रहे।